Quantcast
Channel: Politics – Youth Ki Awaaz
Viewing all articles
Browse latest Browse all 8261

लालू की राजनीति की काट के तौर पर नीतीश को खड़ा करने वाले जॉर्ज फर्नांडिस

$
0
0

राजनीति समय और मिजाज़ दोनों के साथ बदलती है। मिजाज़ का सीधा संबंध व्यक्ति विशेष के व्यवहार और चरित्र से होता है। बहुत कम ही लोग होते हैं जो अपने व्यक्तित्व की छाप राजनीति पर छोड़ पाते हैं और जिनका राजनीतिक कैनवास इतना बड़ा हो कि समय के साथ भी उनका राजनीतिक विचार जारी रहे। ऐसी ही शख्सियत जॉर्ज फर्नांडिस की थी जिनके साथ एक पूरा राजनीतिक कैनवास जुड़ा हुआ हैं।

शुरुआती दौर

जॉर्ज फर्नांडिस का जन्म 3 जून 1930 में कर्नाटक के मंगलौर के एक पादरी परिवार में हुआ। वह शुरू से ही अल्हड़ और विद्रोही स्वभाव के थे जो आगे चलकर उनकी पहचान बनी। हालांकि जॉर्ज का जन्म कर्नाटक में हुआ लेकिन उन्होंने अपनी कर्मभूमि बंबई और बिहार को बनाई।

जॉर्ज साहब 1949 में मुंबई पहुंचे। यह वह दौर था जब श्रमिकों, किसानों और मज़दूरों के बीच असंतोष बढ़ता जा रहा था और उन्हें एक ऐसे मज़बूत और जुझारू नेता की ज़रूरत थी जो उनके मुद्दों को लेकर संघर्ष कर सके।

जॉर्ज फर्नांडिस
जॉर्ज फर्नांडिस। फोटो साभार: Getty Images

1955 में जॉर्ज ने फुटपाथ और श्रमिकों की लड़ाई लड़ते हुए एक आंदोलन खड़ा किया जिसे विशाल जन समर्थन मिला और वह धीरे-धीरे मुंबई के सबसे बड़े मज़दूर नेता बन गए। इसी दौर में बाला साहेब ठाकरे महंगाई और गरीबी का मुद्दा उठाते हुए मुंबई की राजनीति में अपनी जगह तलाश रहे थे। इसी समय से बाला साहब और जॉर्ज के बीच छत्तीस का आंकड़ा हो चुका था।

1950-60 के दशक के बीच जॉर्ज ने कई श्रमिक हड़तालों का नेतृत्व किया और वामपंथी श्रमिक यूनियनों को पीछे छोड़ते हुए ‘सोशलिस्ट ट्रेड यूनियन’ को मुख्यधारा में स्थापित किया। जॉर्ज लंबे समय तक मुंबई से म्युनिसिपल काउंसलर थे और अपने मज़बूत नेतृत्व के सहारे देश भर में चर्चित हो रहे थे।

एक चुनाव जिसने जॉर्ज को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया

1967 के दौर में जॉर्ज साहब मुंबई से म्युनिसिपल काउंसिलर थे। आम चुनाव नज़दीक थे और इस बार जॉर्ज भी लोकसभा चुनाव लड़ने वाले थे लेकिन मुश्किल यह थी कि उनके सामने काँग्रेस के कद्दावर नेता एस के पाटिल थे। राष्ट्रीय स्तर पर सबसे पहले उनकी पहचान इसी चुनाव की वजह से हुई।

जॉर्ज फर्नांडिस
जॉर्ज फर्नांडिस। फोटो साभार: Getty Images

इस चुनाव के दौरान जब पत्रकारों ने पाटिल से सवाल पूछा कि आप के खिलाफ म्युनिसिपल काउंसिलर चुनाव लड़ रहा है तब उन्होंने कहा कि वह किसी को नहीं जानते और उन्हें आगामी चुनाव में भगवान भी नहीं हरा सकते। नतीजों ने सबको चौंका दिया। उन्होंने मुंबई दक्षिण से काँग्रेस के कद्दावर नेता एस के पाटिल को 42,000 वोटों से हराया और पहली बार संसद पहुंचे।

1974 का रेलवे हड़ताल

जॉर्ज के नेतृत्व में हुआ रेलवे हड़ताल दुनिया के सबसे बड़े हड़तालों में माना जाता है। इस हड़ताल ने पूरे देश में चक्का जाम कर दिया था।  हड़ताल इतना व्यापक था कि तत्कालीन इंदिरा गाँधी सरकार ने बहुत क्रूरता से इसे कुचलने की कोशिश की जिसमें वह सफल भी रहीं।

1974 रेल हड़ताल
1974 रेल हड़ताल। फोटो साभार: गूगल फ्री इमेजेज़

जॉर्ज को गिरफ्तार कर लिया गया और उन्हें जेल में डाल दिया गया। उसी समय उन पर डायनामाइट केस में देशद्रोह का आरोप लगा जिसमें उन पर सरकारी दफ्तरों को बम से उड़ाने का आरोप  लगाया गया। गौरतलब है कि जयप्रकाश नारायण के कहने पर वर्तमान विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के पति ने जॉर्ज साहब का केस लड़ा था।

आपातकाल का दौर

25 जून 1975 को देश में इमरजेंसी लागू कर दी गई। अगले ही दिन जॉर्ज भुवनेश्वर चले गए और उसके बाद भूमिगत होकर आंदोलन का नेतृत्व करने लगे। जॉर्ज साहब आपातकाल के दौर के नायक थे। इस दौरान उनके भाई माइकल फर्नांडिस को गिरफ्तार कर लिया गया और और उन्हें खूब यातनाएं दी गई।

10 जून 1976 को जॉर्ज फर्नांडिस को गिरफ्तार कर लिया गया और रातोंरात उन्हें कोलकाता से दिल्ली लाया गया। दिल्ली के तीस हज़ारी कोर्ट में उनकी पेशी होनी थी। पुलिस की जीप से निकलते वक्त उनके हाथों में हथकड़ियां थी। उस समय की उनकी फोटो खूब चर्चित हुई जिसने युवाओं को आंदोलन में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।

इंदिरा गाँधी
इंदिरा गाँधी। फोटो साभार: गूगल फ्री इमेजेज़

जेल में रहते हुए ही उन्होंने बिहार के मुज़फ्फरपुर से चुनाव लड़ने का फैसला किया। उस दौरान उनका हथकड़ी वाला पोस्टर खूब प्रसिद्ध हुआ। घरों के पूजा घर तक में यह पोस्टर चस्पा कर दी गई थी जिस पर लिखा था, “यह हथकड़ी हाथों में नहीं लोकतंत्र पर है। जेल का ताला टूटेगा, जॉर्ज फर्नांडिस छूटेगा।”

जॉर्ज एक विद्रोही राजनेता थे जिनका परंपराओं को मानने में यकीन नहीं था। आज़ाद भारत की राजनीति में ऐसा दूसरा कौन है जो पादरी परिवार में जन्म लेकर समाजवादी हुआ और घर से निकल कर कई-कई बार देश को हिलाने या रोक देने वाला बना। जिसकी बेचैनी शायद ज़्यादा बड़ी थी।

मौजूदा समय की राजनीति पर जॉर्ज साहब की राजनीति की गहरी छाप है। वह बेचैन आत्मा थे और चैन से बैठ नहीं सकते थे। उन्होंने परिवार से बगावत कर के राजनीति शुरू की थी। अपनी अद्भुत भाषण कला के ज़रिए उनमें नई जगह पर संगठन खड़ा करने की क्षमता भी थी।

अपनों से ही मिला धोखा

मौजूदा समय में जॉर्ज साहब को जानना और उनके द्वारा खड़े किए गए स्तंभों को जानना आवश्यक हो जाता है। हमेशा अपने विरोधियों को चित करने वाले जॉर्ज अपने ही विश्वस्त लोगों से मात खा बैठे।

1994 में उन्होंने समता पार्टी का गठन किया जिसमें नीतीश कुमार और शरद यादव जैसे बड़े नेता भी शामिल थे। जॉर्ज ही वह शख्स थे जिन्होंने नीतीश कुमार को राजनीतिक फ्रेम में गढ़ने का काम किया और लालू की राजनीति के काट के तौर पर नीतीश को खड़ा कर उसमें पैनापन लाने का काम किया।

शरद यादव को भी जबलपुर की छात्र राजनीति से सीधे राष्ट्रीय राजनीति में लाने का काम भी जॉर्ज साहब ने ही किया था लेकिन उन्हें क्या पता था कि उनके शिष्य ही उनके साथ विश्वासघात कर बैठेंगे।

याद करिए 2006 का ‘जनता दल यूनाइटेड’ का अध्यक्ष पद चुनाव। शरद यादव और जॉर्ज फर्नांडिस आमने-सामने थे। नीतीश ने पार्टी में गोलबंदी कर शरद यादव के पक्ष में माहौल बना लिया था। मतदान हुआ, शरद यादव को 413 मत मिले, वहीं जॉर्ज साहब को केवल 25 मत।

नीतीश कुमार
नीतीश कुमार। फोटो साभार: Getty Images

यह सब होने के बाद जॉर्ज पार्टी में अलग-थलग पड़ गए फिर 2009 के लोकसभा चुनाव में उनको टिकट ना देकर उनकी राजनीति खत्म कर दी गई। लालू की सत्ता के खिलाफ बढ़ते आक्रोश को देखते हुए उन्होंने जो रणनीति बनाई थी, इससे यह ज़रूर कहा जा सकता है कि जॉर्ज का कद बढ़ा हो या ना हो लेकिन नीतीश कुमार राजनीति में स्थापित हो गए।

जब विवादों के बीच घिरे जॉर्ज

जॉर्ज हमेशा अपने विद्रोही स्वभाव के कारण विवादों में बने रहते थे। वह काँग्रेस विरोधी थे लेकिन कुछ विवाद ऐसे थे जिसने जॉर्ज की छवि को काफी ठेस पहुंचाई। जॉर्ज साहब वाजपेयी जी की सरकार में रक्षा मंत्री थे। तब उनका नाम ताबूत घोटाले में आया। विवाद इतना बढ़ गया कि उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। तहलका स्टिंग के दौरान भी उनका नाम सामने आया था।

जॉर्ज फर्नांडिस
जॉर्ज फर्नांडिस। फोटो साभार: Getty Images

लंबी बीमारी के बाद 88 वर्ष की आयु में 29 जनवरी को जॉर्ज साहब का निधन हो गया लेकिन इतिहास में जॉर्ज साहब को एक ऐसे नेता के तौर पर याद किया जाएगा जो फुटपाथ से संघर्ष करता हुआ सत्ता के शिखर तक पहुंचा।

जिसने भारतीय राजनीति की दिशा बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। जिसने दक्षिण भारत में जन्म लिया लेकिन राजनीतिक कर्मभूमि उत्तर भारत को बनाया और इतिहास उन्हें एक ऐसे नेता के तौर पर भी याद करेगा जिसने विरोधियों को हमेशा परास्त किया लेकिन अपने ही लोगों से मात खा बैठा।

The post लालू की राजनीति की काट के तौर पर नीतीश को खड़ा करने वाले जॉर्ज फर्नांडिस appeared first and originally on Youth Ki Awaaz and is a copyright of the same. Please do not republish.


Viewing all articles
Browse latest Browse all 8261

Trending Articles



<script src="https://jsc.adskeeper.com/r/s/rssing.com.1596347.js" async> </script>