इस लेख के माध्यम से पहले मैं आपको स्पष्ट रूप से बताना चाहता हूं कि मैं किसी भी राजनीतिक दल या पार्टी से वास्ता नहीं रखता हूं। मैं भी आप सभी की तरह एक भारतीय नागरिक हूं। आजकल, जब हमारे आस-पास हो रही घटनाओं के बारे में सुनता हूं, तब बहुत दु:ख होता है और सोचता हूं कि क्या हम इन सभी हालातों को रोक नहीं सकते?
क्या हम भी इसके लिए ज़िम्मेदार हैं? कुछ ऐसे ही सवाल हैं जो मेरे ज़हन में हर वक्त उठते रहते हैं, हो सकता है शायद आप भी मेरे जैसे सोच रखते होंगे।
भारत दुनिया का सबसे विविध राष्ट्र है, जो पोशाक, भाषा शैली, देश और अलग-अलग सांस्कृतिक पहचान के सबसे जटिल मिश्रण में से एक माना जाता है। दूसरी सबसे बड़ी आबादी के साथ भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतान्त्रिक देश है। राजनीतिक रूप से भारत में 29 राज्य और 7 केंद्र शासित प्रदेश हैं।
अगर भारत को धर्म की दृष्टिकोण से देखा जाए तो यह कहना गलत होगा कि यहां किसी एक धर्म को महत्व दिया जाता है क्योंकि भारत एक ऐसा देश है, जहां सभी धर्म एक समान अधिकार के साथ रहते हैं तथा सभी धर्म को एक समान महत्व दिया जाता है। अपनी इसी विशेषता के कारण भारत अपने आप में अन्य मुल्कों से श्रेष्ठ है और मुझे इस बात पर गर्व है कि मैं इस देश का निवासी हूं।
हम सब 14 फरवरी 2018 को पुलवामा में हुए आतंकी हमले से अवगत हैं क्योंकि इस हमले में भारत ने अपने वीर जवानों को खोया है। हम सब शहीद जवानों के लिए न्याय भी चाहते हैं, जो कि उनका पूर्ण अधिकार है।
अभी हाल ही में जब मैं एक खबर पढ़ रहा था, तभी मैंने एक आश्चर्यजनक वीडियो देखा, जिसमें हमारी सेना आतंकी संगठन से मुठभेड़ में व्यस्त हैं और हमारे देश के ही कुछ नौजवान या यूं कहें कि भटके हुए नौजवान, जो कि पत्थरों का सहारा लेकर आतंकवाद को बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
जब-जब मैं ऐसे नौजवानों को देखता हूं, तब-तब मेरे मन मे कुछ सवाल उठते हैं। शायद आपके ज़हन में भी ऐसे सवाल आते होंगे।
- जब भारतीय सेना पत्थरबाज़ों के खिलाफ एक्शन लेती है, तो कश्मीरी नौजवान भारतीय सेना व भारत सरकार को गलत ठहराते हैं लेकिन मैं जानना चाहता हूं कि पत्थरबाज़ों के विषय में कश्मीर निवासियों का क्या मानना है?
- क्या पत्थरबाज़ों के ज़रिये आतंकवादी अपने मंसूबों को अंजाम दे रहे हैं?
- क्या भविष्य में कभी पत्थरबाज़ों के खिलाफ कोई सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी? आखिर कब तक आतंकवादी पत्थरबाज़ों का सहारा लेकर बचता रहेगा?
- क्या पत्थरबाज़ों को कश्मीर निवासी रोकना चाहते हैं?
- सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि क्या कभी भारतीय सेना और उनके परिवारों को पूर्ण न्याय मिलेगा?
The post “क्या पत्थरबाज़ों के ज़रिये आतंकवादी अपने मंसूबों को अंजाम दे रहे हैं?” appeared first and originally on Youth Ki Awaaz and is a copyright of the same. Please do not republish.